आस्ट्रियाई स्कूल में चुंबन पर प्रतिबंध
एएफपी
वियना,
शुक्रवार,
नवंबर 21,
2008
आस्ट्रिया में एक स्कूल में चुंबन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला बृहस्पतिवार को पहले पृष्ठ की खबर बन गया। इस फैसले की लोगों और नेताओं ने आलोचना की तथा इस कदम को ज्यादती और मध्यकालीन बताया।
आस्ट्रिया के गुंसकिरचेन स्थित एक स्कूल के प्राचार्य सीजफ्रीड बीरमेर ने गत सोमवार अभिभावकों को पत्र भेजे और उन्हें सूचना दी कि अध्यापकों की इस शिकायत के बाद चुंबन लेने पर स्कूल में प्रतिबंध लगा दिया गया है कि छात्राओं की यह आदत अनियंत्रित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि एक दूसरे का सामान्य रूप से अभिवादन करने के बजाय 14 वर्षीय विद्यार्थी साथियों को बांहों में भरकर उन्हें चूम लेते हैं। यह अक्सर कई मिनटों तक किया जाता है। बीरमेर ने कहा कि ऐसा बर्ताव ठीक नहीं है और इससे लड़कों की आदत खराब हो सकती है। लिहाजा अभिभावकों और शिक्षकों ने एक मत से चूमने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।