राजनयिक की कार पर पथराव मसले को तूल नहीं देगा भारत
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
काठमांडू,
शुक्रवार,
नवंबर 21,
2008
नेपाल की राजधानी काठमांडू में भारतीय राजनयिक की कार पर भीड़ द्वारा पथराव करने की घटना के एक दिन बाद शुक्रवार को भारतीय दूतावास ने यह कहकर इसे नजरंदाज करने की कोशिश की कि "यह भारतीय राजनयिक या भारतीय हितों पर हमला नहीं था"।
दूतावास ने कहा है कि वह इस बारे में नेपाल में विदेश मंत्रालय के पास कोई विरोध दर्ज नहीं करेगा और इसे आम हड़ताल के दौरान हुई घटना के रूप में ही देखा जाना चाहिए। दो युवकों की माओवादियों द्वारा कथित तौर पर हत्या किए जाने के विरोध में काठमांडू में बृहस्पतिवार को हड़ताल का आह्वान किया गया था, जिसकी वजह से जन-जीवन अस्त-व्यस्त था और भीड़ कई वाहनों को निशाना बना रही थी।
भारतीय राजनयिक एसके जोशी को सुबह काम पर जाते समय भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा था। इस हमले में उन्हें कोई चोट नहीं आई लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अन्य घटनाओं में प्रदर्शनकारियों ने एक एंबुलेंस और संयुक्त राष्ट्र के वाहन को भी निशाना बनाया।