साध्वी के आरोपों की जांच कराने पर सरकार राजी
भाषा
नई दिल्ली,
शुक्रवार,
नवंबर 21,
2008
भारतीय जनता पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी को आश्वासन दिया कि मालेगांव विस्फोट की अभियुक्त साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने मुंबई एटीएस पर यातना के जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच कराई जाएगी।
नारायणन ने शुक्रवार शाम आडवाणी से मुलाकात करके उन्हें मालेगांव विस्फोट जांच के बारे में बताया। उन्होंने उन आशंकाओं पर भी चर्चा की जिसे आडवाणी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ बृहस्पतिवार को हुई बात के दौरान उठाया था।
उधर, भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी के अनुसार आडवाणी ने नारायणन से कहा कि एटीएस के विरुद्ध उनके आरोप ठाकुर द्वारा अदालत में दाखिल हल्फनामे में लगाए गए आरोपों पर आधारित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका जांच से कुछ लेना-देना नहीं है।
नारायणन ने कथित रूप से आडवाणी को आश्वासन दिया कि ठाकुर के आरोपों की जांच कराई जाएगी।
भाजपा नेता और नारायणन के बीच हुई 40 मिनट की इस मुलाकात के दौरान खुफिया ब्यूरो के प्रमुख पीसी हल्दर और आईबी के पूर्व निदेशक अजीत दोवाल भी उपस्थित थे।
आडवाणी ने बृहस्पतिवार को यह सवाल भी उठाया था कि ठाकुर पर इतने सारे नार्को टेस्ट करने की क्या आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इन टेस्टों के दौरान कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।
भाजपा नेता के इस आरोप पर प्रधानमंत्री ने उनसे बात की और निर्णय किया कि इस पूरे मामले की जानकारी देने के लिए वह नारायणन को उनके पास भेजेंगे।