खत्म हो चुका है अख्तर का करियर : जिया
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
कराची,
शुक्रवार,
नवंबर 21,
2008
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) तौकीर जिया का मानना है कि विवादास्पद तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का अंतरराष्ट्रीय करियर पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
वर्ष 2004 में पीसीबी के प्रमुख रहे जिया पर अख्तर को प्रश्रय देने का आरोप लगता रहा है लेकिन अब उन्होंने कहा है कि बिना देरी किए अख्तर को बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए।
जिया ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ अख्तर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए जरूरी फिटनेस स्तर बकरार नहीं रख पा रहे हैं, लिहाजा अब उन्हें राष्ट्रीय टीम से बाहर कर देना चाहिए।
जिया का यह बयान अख्तर की खराब फिटनेस के मद्देनजर आया है, जिसके कारण वह अबूधाबी में वेस्टइंडीज के साथ खेली गई तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का एक भी मैच नहीं खेल सके थे।
दूसरी ओर, पीसीबी के मौजूदा अध्यक्ष एजाज बट्ट का मानना है कि अख्तर में अभी भी काफी दम है और वह कुछ और वर्षों तक टीम को अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
जिया के बयान के बारे में पूछे जाने पर बट्ट ने कहा, 'मैं जिया का सम्मान करता हूं लेकिन मैं यह नहीं मानता कि अख्तर चुक गए हैं। वह जल्द ही फिटनेस हासिल कर लेंगे और मुझे आशा है कि उनकी वापसी टीम के लिए फायदेमंद रहेगी।'