विश्व कप में विशेषज्ञ कमेंटेटर की भूमिका निभाएंगे गांगुली
भाषा
नई दिल्ली,
बुधवार,
जून 3,
2009
भारत के सबसे सफल कप्तान सौरव गांगुली ने इंग्लैंड में शनिवार से शुरू होने वाली ट्वेंटी-20 चैंपियनशिप के लिए विशेषज्ञ कमेंटेटर के तौर पर ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स के साथ अनुबंध करके संन्यास के बाद की अपनी नई पारी की शुरुआत की।
गांगुली ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम का हिस्सा होंगे जिसमें चैपल, वसीम अकरम, संजय मांजरेकर, हर्षा भोगले और नासिर हुसैन जैसे कमेंटेटर भी शामिल हैं। वह चैनल के साथ सेमीफाइनल से अपनी इस नई पारी की शुरुआत करेंगे।
गांगुली ने कहा कि वह इस नई भूमिका को लेकर उत्साहित हैं जिसमें उन्हें अपने पूर्व साथियों से बातचीत भी करनी होगी। उन्होंने कहा कि मैं अपने पूर्व साथियों के इंटरव्यू करने को लेकर उत्साहित हूं। मैं अपनी इस नई भूमिका को लेकर बहुत उत्साहित हूं क्योंकि मुझ जैसे विश्लेषक के लिए ट्वेंटी- 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप बहुत बड़ी प्रतियोगिता है। मैं सेमीफाइनल और फाइनल पर ध्यान दे रहा हूं जिससे मैं ईएसएस के साथ अपनी नयी पारी की शुरुआत करूंगा। ईएसपीएन सॉफ्टवेयर इंडिया के प्रबंध निदेशक आर सी वेंकटेश ने कहा कि गांगुली की मैच की परिस्थिति का आकलन करने की क्षमता से वह इस भूमिका में फिट बैठते हैं।