सामंती उपाधियों के इस्तेमाल नहीं करेंगे कांग्रेसी
वार्ता
नई दिल्ली,
सोमवार,
जून 15,
2009
कांग्रेस ने नया निर्देश जारी कर पार्टी नेताओं पर नाम के साथ राजा, महराजा, कुंअर, बेगम, राजकुमार और राजकुमारी जैसी सामंती उपाधियों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
पार्टी ने अपने रिकॉर्ड से नेताओं के नाम के साथ राजा, महराजा, कुंअर बेगम जैसे सामंती उपाधियों को हटाने का फैसला किया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से पार्टी के हर स्तर के रिकार्ड और सूचियों पर लागू होगा। कांग्रेस के महासचिव और मीडिया विभाग के प्रमुख जनार्दन द्विवेदी ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। यह पूछे जाने पर कि क्या यह पार्टी नेताओं को इस तरह की उपाधि का स्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है तो उन्होंने कहा कि हां यह एक तरह से कांग्रेस जनों को पार्टी नेतृत्व की सलाह है।
पार्टी का यह फैसला अचानक नहीं आया है। पार्टी में काफी दिनों से इस पर विचार हो रहा था। उसका मानना है कि पार्टी नेताओं को नाम के साथ सामंती उपाधि लगाने की बजाय सामान्य रुप से अपना नाम लिखना चाहिए।