आईसीसी ट्वेंटी-20 एकादश में कोई भारतीय नहीं
वार्ता
लंदन,
सोमवार,
जून 22,
2009
ट्वेंटी-20 विश्वकप में खराब प्रदर्शन करने वाली और सुपर आठ दौर से ही बाहर हो गई टी इंडिया के किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की घोषित आईसीसी ट्वेंटी-20 एकादश में शामिल नहीं किया गया है।
आईसीसी ने सोमवार को ट्वेंटी-20 एकादश की घोषणा की जिसमें सर्वाधिक चार खिलाडी विश्वविजेता पाकिस्तान के शामिल किए गए हैं। इसके अलावा टीम में उपविजेता श्रीलंका के तीन खिलाड़ियों सेमीफाइनल की दोनों टीमों दक्षिण अफ्रीका के तीन और वेस्टइंडीज के दो खिलाड़ियों को जगह दी गई है। टीम की कप्तानी विश्वकप की जीत के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके पाकिस्तान के कप्तान युनूस खान को सौंपी गई है।
पाकिस्तान की टीम के कप्तान युनूस खान, विकेटकीपर कामरान अकमल, धाकड़ ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी और स्विंग गेंदबाज उमर गुल को टीम में शामिल किया गया है। जबकि श्रीलंका की तरफ से सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान, अबूझ स्पिनर अजंता मेंडिस और तेज गेंदबाज लसित मलिंगा को, दक्षिण अफ्रीका की ओर से आलराउंडर जैक्स कालिस, मध्यक्रम के बल्लेबाज एबी डिविलियर्स और नवोदित तेज गेंदबाज वायने पारनेल को तथा वेस्टइंडीज की टीम से कप्तान क्रिस गेल और डवेन ब्रावो आईसीसी की अंतिम एकादश में जगह पाने में सफल रहे हैं।
आईसीसी की 12 सदस्यीय टीम में ट्वेंटी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचने वाली टीमों के खिलाड़ियों को ही शामिल किया गया है। इस टीम में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के भी किसी खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि एकदिवसीय विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया की टीम टूर्नामेंट के प्रारंभिक दौर से बाहर हो गई थी। इसके अलावा भारत, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें भी सुपर आठ के चरण से आगे नहीं बढ़ पाईं थी।
टीम इस प्रकार हैः युनूस खान (कप्तान) क्रिस गेल, तिलकरत्ने, दिलशान, जैक्स कालिस, एबी डिविलियर्स, कामरान अकमल, शाहिद अफरीदी, डवेन ब्रावो, अजंता मेंडिस, उमर गुल, लसित मलिंगा और वायने पारनेल।