मारा गया है तालिबान का सरगना फजलुल्लाह?
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
बृहस्पतिवार,
जुलाई 2,
2009
पाकिस्तानी तालिबान का सरगना मौलाना फजलुल्लाह संभवत: स्वात घाटी में जारी अभियान के दौरान मारा गया है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मीडिया की एक रिपोर्ट में दी गई।
समाचार पत्र 'न्यूज इंटरनेशनल' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि सुरक्षा बलों ने फजलुल्लाह की एक फोन कॉल टैप की थी जिसमें उसने कमांडरों को और हमले करने का निर्देश दिया गया था। न्यूज पोर्टल ने हालांकि खबर दी है कि फजलुल्लाह संभवत: मारा गया है, लेकिन उसने किसी अधिकारी अथवा सरकारी सूत्रों का हवाला नहीं दिया है।
कॉल से संकेत मिलता है कि फजलुल्लाह स्वात में किसी जगह था जहां सुरक्षाबलों ने उसकी उपग्रह प्रणाली को निशाना बनाया। टेप किए गए फोन में फजलुल्लाह ने कहा है कि वह चारों ओर से सरकारी सेनाओं से घिर चुका है और बचकर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। पाकिस्तानी सेना का तालिबान के खिलाफ सैन्य अभियान गत 26 अप्रैल से जारी है। इसकी वजह से अब तक 38 लाख लोग बेघर हो चुके हैं।