देश कोई गांधी-नेहरू परिवार की जागीर नहीं : ठाकरे
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
मुंबई,
बृहस्पतिवार,
जुलाई 2,
2009
नवनिर्मित बांद्रा-वर्ली सी लिंक का नाम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर रखने के महाराष्ट्र सरकार के फैसले का विरोध करते हुए शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश कोई गांधी-नेहरू परिवार की जागीर नहीं है।
शिवसेना के मुखपत्र सामना में ठाकरे ने इस सी लिंक का नाम राजीव गांधी के नाम पर रखने का सुझाव देने वाले केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार की भी आलोचना की। पवार ने कहा था कि राजीव गांधी का जन्म मुंबई में हुआ था इसलिए इस सी लिंक का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
पवार के इस तर्क को खारिज करते हुए ठाकरे ने कहा कि मुंबई में प्रतिदिन अवैध रूप से रहने वाले कई बांग्लादेशी भी बच्चों को जन्म देते हैं तो क्या उनके नाम पर हम अपनी जमीन का नाम रख देंगे। ठाकरे ने कहा कि पवार कांग्रेस में वापस जाना चाहते हैं इसलिए सोनिया की तरफदारी में इस प्रकार के सुझाव दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव में हार के बावजूद सोनिया गांधी ने उन्हें और उनके लोगों को मंत्रिपरिषद में जगह दी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक से बढ़कर एक स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं लेकिन उनका नाम क्यों नहीं पवार के दिमाग में आया।