उ. कोरिया ने तीन मिसाइलें दागी : द.कोरिया
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
सियोल,
बृहस्पतिवार,
जुलाई 2,
2009
उत्तर कोरिया ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्वी तट से छोटी दूरी की तीन मिसाइलों को जापान सागर की ओर दागा। दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी 'योनहैप' ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से यह खबर दी है। मिसाइलों का परीक्षण स्थानीय समयानुसार शाम 5.20 बजे और 7.50 बजे किया गया। इससे पहले मंत्रालय ने दो मिसाइलों के पूर्वी सागर में गिरने की पुष्टि की।
दक्षिण कोरिया के सार्वजनिक प्रसारक 'केबीएस' ने कहा कि दोनों मिसाइलें तट से करीब 100 किलोमीटर दूर गिरीं। उत्तर कोरिया ने 25 मई के परमाणु परीक्षण के बाद कम दूरी तक मार करने की क्षमता वाली कई मिसाइलें दागी थीं।
इससे पहले दक्षिण कोरिया के एक समाचार पत्र ने खबर दी थी कि उत्तर कोरिया मिसाइल परीक्षण की तैयारी कर रहा है। इन परीक्षणों में कम दूरी तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें और रॉकेट शामिल हैं।
उधर उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया की भविष्य की संयुक्त आर्थिक परियोजनाओं पर बृहस्पतिवार को आरंभ हुई चर्चा बिना किसी ठोस नतीजे के ही समाप्त हो गई। उत्तर कोरिया लगातार सीमावर्ती शहर केसांग में संयुक्त औद्योगिक पार्क में किराए बढ़ाने और दक्षिणी कोरिया की नियोक्ता कंपनियों से उत्तर कोरिया के मजदूरों को अधिक वेतन देने की मांग करता रहा है।