दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा इंडियन एयरलाइन्स का विमान
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
शनिवार,
जुलाई 4,
2009
इंडियन एयरलाइन्स का एक विमान शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। विमान में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिलते ही पायलट ने विमान को नागपुर के लिए मोड़ दिया। इस विमान में केरल के मुख्यमंत्री वीएसअच्युतानंदन और उनके मंत्रिमंडल के दो सहयोगियों सहित लगभग 200 यात्री सवार थे।
मुख्यमंत्री अच्युतानंदन और उनके दोनों सहयोगी तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रहे थे।
अच्युतानंदन ने शुक्रवार की शाम दिल्ली में पत्रकारों को बताया, "हमने कुछ टूटने जैसी आवाज सुनी। ज्यादातर यात्री नींद में थे। लेकिन पायलट ने विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर किसी तरह उतार लिया। उसने स्थिति को बड़े ही सावधानीपूर्वक संभाला। इस कारण एक बड़ी दुर्घटना घटने से बच गई।"
अच्युतानंदन के साथ उनके दो सहयोगियों में केरल के गृह मंत्री कोदियेरी बालाकृष्णन और जल संसाधन विकास मंत्री एन.के.प्रेमचंद्रन शामिल थे।
नागपुर में आपात स्थिति में विमान के उतरने के बाद यात्रियों को एक दूसरे विमान से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।