भारत ने तीसरा वनडे जीता, बनाई बढ़त
वार्ता
ग्रास आइलेट,
शनिवार,
जुलाई 4,
2009
भारत ने वेस्ट इंडीज के साथ खेली जा रही चार मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला के तहत शुक्रवार को खेले गए तीसरे मैच में बारिश की खलल के बावजूद छह विकेट से जीत दर्ज कर 2-1 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ ही भारत श्रृंखला में हार के डर से उबर गया है।
बारिश की वजह से तीन बार रोके गए मैच में भारत को 'डकवर्थ लुइस' नियम के तहत जीत हासिल हुई। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने धुआंधार नाबाद 46 रन (34 गेंद) बनाकर जीत की अगुआई की।
इस मैच पर शुरू से ही बारिश का साया मंडराता रहा। टॉस होने के बाद भी खेल शुरू होने के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। अंपायरों ने बारिश की वजह से खराब हुए समय को ध्यान में रखते हुए ओवरों की संख्या घटाकर पहले 41 और बाद में 39 की लेकिन फिर भी खेल रोकना पड़ा तो मैच 27 ओवर का कर दिया गया।
वेस्ट इंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते रामनरेश सरवन के तेज तर्रार 62 रन (59 गेंद) की मदद से 27 ओवरों में सात विकेट खोकर 186 रन बनाए। बाद में अंपायरों ने संशोधित स्कोर सात विकेट पर 185 रन घोषित किया और भारत को जीत के लिए 22 ओवर में 159 रन का लक्ष्य दिया गया। भारत ने 21.5 ओवर में चार विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
एक समय वेस्ट इंडीज का स्कोर 10 ओवरों में एक विकेट पर 66 रन था। तब तक कप्तान क्रिस गेल ने महज 14 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 27 रन ठोक डाले थे लेकिन आशीष नेहरा ने उन्हें विकेट के पीछे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच करा पैवेलियन लौटा दिया। इसके बाद सरवन की सूझबूझ भरी पारी की बदौलत इंडीज टीम 186 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
भारतीय पारी में सलामी बल्लेबाजों दिनेश कार्तिक (47) और गौतम गंभीर (44) ने 13 ओवरों में 84 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी। बाकी का काम रोहित शर्मा, धोनी और युसुफ पठान ने मिलकर पूरा कर दिया। अंतिम ओवर में रोमांचक स्थिति पैदा हो गई जब भारत को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। पठान के सिंगल के बाद धोनी ने मिडविकेट के ऊपर गगनचुंबी छक्का लगाकर अपनी टीम का काम आसान कर दिया।
वेस्ट इंडीज को अब श्रृंखला बराबर करने के लिए अंतिम मैच हर हाल में जीतना होगा। यह मैच इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा।