अमेरिका मिसाइल रक्षा प्रणाली योजना छोड़े : रूस
वार्ता
मास्को,
शनिवार,
जुलाई 4,
2009
रूस के प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका से कहा है कि वह उनके देश के साथ संबंधों में सुधार के लिए यूरोप में मिसाइल रक्षा प्रणाली लगाने की अपनी योजना छोड़ दे।
संवाद समिति इंटरफैक्स ने पुतिन के हवाले से कहा, 'हमारा मानना है कि यदि अमेरिका अपनी यूरोप में मिसाइल रक्षा प्रणाली और नई मिसाइल लगाने की अपनी बहुप्रतीक्षित योजना को छोड़ दे या सैन्य एवं राजनीति मंच के विस्तार की अपनी सोच में परिवर्तन लाए तो यह संबंध सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा। उन्होंने कहा, 'हम अमेरिका के साथ कारगर सहयोग करने को तैयार हैं। हम वास्तव में अमेरिका के इस नए प्रशासन से बहुत उम्मीदें रखते हैं। उल्लेखनीय है कि पुतिन का यह बयान अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की रूस यात्रा के कुछ दिनों पहले ही आया है। ओबामा की तीन दिवसीय रूस यात्रा छह जुलाई से शुरू हो रही है। वह अपनी इस यात्रा के दौरान रूस के राष्ट्रपति दिमित्रि मेदवेदेव के साथ ही पुतिन से भी मुलाकात करेंगे।