भारतीय बाइक बाजार में उतरेगी बीएमडब्ल्यू!
भाषा
नई दिल्ली,
शनिवार,
जुलाई 25,
2009
उपभोक्ताओं की प्राथमिकता में तेजी से आ रहे बदलावों के चलते जर्मनी की वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बीएमडब्ल्यू भारत के मोटरसाइकिल बाजार का अध्ययन कर रही है। कंपनी की योजना भारत के मोटरसाइकिल बाजार में उतरने की है।
नब्बे के दशक के मध्य के बाद यह दूसरा मौका है जब बीएमडब्ल्यू ने भारत के दोपहिया बाजार में उतरने की योजना बनाई है।
बीएमडब्ल्यू के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दीर्घावधि में भारत हमें काफी दिलचस्प बाजार नजर आता है। हम बीएमडब्ल्यू, भारत के अपने सहयोगियों के साथ भारतीय बाजार के रुख और प्रतिद्वंद्वी कंपनियों की गतिविधियों का अध्ययन कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल की दुनिया में विभिन्न वर्गों में रुचि बढ़ने के कारण कंपनी ने भारत में प्रवेश की संभावनाओं का अध्ययन करने का फैसला किया है।
प्रवक्ता ने हालांकि इस बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि अभी हमने कोई पुख्ता फैसला नहीं लिया है। हम यह नहीं कह सकते कि बीएमडब्ल्यू मोटरसाइकिलों के साथ हम भारतीय बाजार में कब उतरेंगे।