हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बरार का निधन
भाषा
मुक्तसर,
रविवार,
सितंबर 6,
2009
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री तथा हरियाणा और उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल हरचरण सिंह बरार का मुक्तसर जिले स्थित उनके पैतृक गांव सराई नागा में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे।
बरार के परिजनों के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हरचरण सिंह के परिवार में उनकी पत्नी गुरबिंदर कौर बरार, मुक्तसर से विधायक पुत्र कंवरजीत सिंह बरार और पुत्री कंवलजीत कौर उर्फ बबली बरार हैं।
पंजाब सरकार ने बरार के सम्मान में तीन दिन तथा हरियाणा सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
दोनों राज्यों के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि शोक अवधि के दौरान दोनों प्रदेशों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजक कार्यक्रम नहीं होगा।
पंजाब सरकार ने भी सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों तथा शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश की घोषणा की है।
बरार 24 सितंबर 1977 से लेकर नौ दिसंबर 1979 तक हरियाणा के राज्यपाल रहे। वहीं, वह 1976 में छह महीने के लिये उड़ीसा के भी राज्यपाल बने। उनका दोपहर उनके पैतृक गांव सराई नागा में अंतिम संस्कार किया जाएगा।