'द्रविड़ के बदले किसी युवा का होना था चयन'
वार्ता
भोपाल,
मंगलवार,
सितंबर 8,
2009
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजहरूद्दीन ने एक दिवसीय क्रिकेट मैचों के लिए भारतीय टीम में सीनियर खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के चयन की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा कि बेहतर होता कि द्रविड़ के स्थान पर किसी युवा खिलाड़ी को मौका दिया जाता।
कांग्रेस सांसद अजहर ने कहा कि चयनकर्ताओं से इस मामले में चूक हुई है। बेहतर होता कि चयनकर्ता इंडियन क्रिकेट लीग (आईपीएल) में अच्छा प्रदर्शन करने वाले किसी युवा खिलाड़ी को मौका देते। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि द्रविड़ शानदार बल्लेबाज है।
पूर्व कप्तान ने कहा कि उनका मानना है कि एक दिवसीय क्रिकेट में नए-नए प्रयोग नहीं होने चाहिए। सचिन तेंदुलकर के एक दिवसीय क्रिकेट में चार पारियों के प्रयोग की शुरूआत के सुझाव से भी वह सहमत नहीं है।
गौरतलब है कि सचिन ने हाल ही में एक साक्षात्कार में यह सुझाव दिया था कि एक दिवसीय क्रिकेट मैचों को और रोचक बनाने के लिए 50 ओवर के मैच में 25.25 ओवर की चार पारियां होनी चाहिए।