आमिर व शाहरुख मेरे लिए खास हैं : रानी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
मुंबई,
मंगलवार,
सितंबर 15,
2009
फिल्म 'दिल बोले हड़िप्पा' की शूटिंग के पहले दिन अभिनेता आमिर खान और शाहरुख खान को देखकर बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी खुश हो गईं। रानी कहती हैं कि उनकी जिंदगी में आमिर और शाहरुख दो खास लोग हैं।
रानी कहती हैं, "यह 'दिल बोले हड़िप्पा' की शूटिंग का पहला दिन था। 'भांगड़ा बिस्तर' गाने की शूटिंग चल रही थी तभी वहां अचानक से शाहरुख और आमिर पहुंच गए थे। संयोग से शाहरुख उसी समय 'रब ने बना दी जोड़ी' की शूटिंग कर रहे थे जबकि आमिर यश राज फिल्म्स स्टूडियो के लिए एक विज्ञापन की शूटिंग कर रहे थे। शाहरुख और आमिर यह देखने के लिए उत्सुक थे कि मैं क्या कर रही हूं और गाने में मैं एक आदमी का किरदार कर रही हूं। वे शूटिंग स्थल पर मुझे अपनी शुभकामनाएं देने आए थे।" उन्होंने कहा, "मुझे बेहद खुशी हुई क्योंकि आमिर और शाहरुख मेरी जिंदगी में दो विशेष व्यक्ति हैं और शूट के पहले दिन दोनों को शूटिंग स्थल पर देखना मेरे लिए एक सुखद संयोग था।" शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही इस फिल्म में रानी एक पुरुष के किरदार में नजर आएंगी। उन्होंने इसके लिए क्रिकेट भी सीखा है। फिल्म में शाहिद कपूर उनके सह-अभिनेता हैं।