चुनाव से पहले मैं अश्वेत था : ओबामा
भाषा
न्यूयॉर्क,
मंगलवार,
सितंबर 22,
2009
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इन दावों का मजाक उड़ाया है कि नस्लवाद के चलते उनके महत्वाकांक्षी राजनीतिक एजेंडों का विरोध किया जा रहा है और चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘वास्तव में चुनाव से पहले मैं अश्वेत था।’’ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिम्मी कार्टर ने टिप्पणी की थी कि ओबामा की स्वास्थ्य सेवा योजना का ज्यादातर कंजरवेटिव विरोध जातिवाद से प्रेरित है। इसके बाद बहस का लबो-लहजा नरम करने की ओबामा की यह नवीनतम कोशिश है।
ओबामा ने अमेरिकी टेलीविजन चैनल सीबीएस पर डेविड लैटरमैन के साथ ‘‘द लेट शो’’ में कहा कि अमेरिका के पहले अफ्रीकी अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में उनका चुनाव देश में व्यापक जातीय रिश्तों का ज्यादा सटीक सूचक है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि यह महसूस करना ज्यादा महत्वपूर्ण है कि मैं वास्तव में चुनाव से पहले अश्वेत था।’’ ओबामा ने कहा, ‘‘जब भी किसी राष्ट्रपति ने उल्लेखनीय तब्दीलियां लाने की कोशिश की खास कर आर्थिक दिक्कतों के समय, आबादी का एक हिस्सा उसका विरोध करता है।’’