'कानूनों के अनुरूप ही होगा एमटीएन के साथ सौदा'
भाषा
नई दिल्ली,
बुधवार,
सितंबर 23,
2009
देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी भारती-एयरटेल ने कहा है कि अफ्रीका की एमटीएन के साथ उसका प्रस्तावित सौदा दोनों देशों के कानूनों के अनुरूप ही होगा।
भारती की ओर से इस सौदे के सबंध में जारी ताजा बयान में कहा गया कि इसके तहत ओपन ऑफर लाने समेत अन्य रियायतों के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड सेबी से उचित समय पर अनुरोध भी किया जाएगा। ऐसी खबर है कि दोनों दिग्गज कंपनियों के बीच 23 अरब डॉलर के इस सौदे के बीच में दोहरी लिस्टिंग का मामला आड़े आ रहा है। अफ्रीकी सरकार चाहती है कि एमटीएन का राष्ट्रीय चरित्र बरकरार रहे। इसलिए वह दोनों देशों के शेयर बाजारों में इसे सूचीबद्ध किए जाने पर जोर दे रही है जबकि भारत में दोहरी लिस्टिंग की व्यवस्था नहीं है।
भारती-एयरटेल एमटीएन के साथ हर कीमत पर सौदा करना चाहती है और ऐसी खबर है कि उसने दोहरी लिस्टिंग के संबध में सेबी से संपर्क किया है पर सेबी का कहना है कि उसे ऐसा कोई आवेदन नहीं मिला है।
सेबी के अध्यक्ष सीबी भावे ने कहा कि दोहरी लिस्टिंग के मुद्दे पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
दोहरी लिफ्टिंग की इजाजत होने पर दोनों ही कंपनियों को एक दूसरे के शेयर बाजार में सूचीबद्ध किया जा सकेगा।