कच्चा तेल 66 डॉलर के पार
वार्ता
लंदन,
शुक्रवार,
सितंबर 25,
2009
कच्चे तेल के बृहस्पतिवार को आठ सप्ताह के न्यूनतम स्तर पर आने के बाद शुक्रवार को उसमें कुछ सुधार हुआ और वह फिर 66 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया। अमेरिकी क्रूड वायदा 39 सेंट बढ़कर 66.28 डॉलर प्रति बैरल पर रहा जबकि बृहस्पतिवार को यह 3.08 डॉलर की गिरावट के साथ 65.89 डॉलर प्रति बैरल बोला गया था। लंदन ब्रेंट क्रूड 56 सेंट बढ़कर 65.38 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
कारोबारियों और बाजार विश्लेषकों का कहना है कि कच्चा तेल पिछले दो महीने से 65 से 75 डॉलर प्रति बैरल के बीच बना हुआ है। इसमें मांग और आपूर्ति के आधार पर घटबढ़ हो रही है। पिछले दो दिनों में छह डॉलर प्रति बैरल तक की कमी आई है।
इस सप्ताह में इसमें अब तक आठ प्रतिशत तक की कमी आ चुकी है। कारोबारियों का कहना है कि शेयर बाजारों में तेजी और डॉलर में गिरावट आने से भी तेल प्रभावित हुआ है हालांकि इस सप्ताह शेयर बाजारों के साथ ही डॉलर के भी कमजोर रहने के बावजूद कच्चे तेल में गिरावट आई है।