पाकिस्तान के परमाणु हथियार सुरक्षित : जरदारी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
इस्लामाबाद,
मंगलवार,
अक्टूबर 13,
2009
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस्लामाबाद के दौरे पर आए जापान के विदेश मंत्री कात्सुया ओकादा से सोमवार को कहा है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण आतंकी पाकिस्तान के परमाणु हथियारों तक नहीं पहुंच सकते।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन ने खबर दी है कि यहां दोनों नेताओं की बातचीत के दौरान सुरक्षा, अफगानिस्तान, ऊर्जा और व्यापार सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक विदेशी मदद की आवश्यकता है। जरदारी ने पाकिस्तानी उत्पादों की पहुंच विश्व बाजार तक कराने का अनुरोध किया। जरदारी ने फ्रेंड्स ऑफ पाकिस्तान फोरम की बैठक में पाकिस्तान के लिए कोष जुटाने में जापान की सक्रिय हिस्सेदारी की तारीफ की।
जरदारी ने कहा कि जापान, पाकिस्तान के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है। उन्होंने व्यापारिक संबंधों को बढ़ाने का आग्रह किया। जरदारी ने कहा कि सरकार निवेशकों को पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराएगी। जापान के विदेश मंत्री ओकादा ने भरोसा दिलाया कि विकास और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनकी सरकार पाकिस्तान को लगातार मदद मुहैया कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि जापानी कंपनियां पाकिस्तान का दौरा करेंगी और यहां निवेश की संभावनाएं तलाशेंगी।