दीप जलाकर ओबामा ने मनाई दिवाली
भाषा
वाशिंगटन,
बृहस्पतिवार,
अक्टूबर 15,
2009
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वैश्विक शांति के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच व्हाइट हाउस में दीप जलाकर दिवाली मनाई और इस तरह वह इस पर्व की व्यक्तिगत तौर पर शुभकामना देने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए।
व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम ओबामा ने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि यह उपयुक्त समय है जब हम इस कार्य की शुरूआत छुट्टियों के समय दिवाली से कर रहे हैं, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।’’ यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में दिवाली मनाई जिससे विश्वभर में करोड़ों हिंदुओं, जैनियों, सिखों और कुछ बौद्ध धर्मावलंबियों के प्रकाशोत्सव का एक आधिकारिक सम्मान हुआ है।
ओबामा ने कहा, ‘‘आगामी शनिवार को यहां अमेरिका और विश्व भर के हिंदू, जैनी, सिख और कुछ बौद्ध धर्मावलंबी छुट्टियों के अवसर पर दिवाली मनाएंगे जो अंधकार पर प्रकाश की जीत और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है।’’
व्हाइट हाउस में आयोजित इस समारोह में भारतीय समुदाय के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस मौके पर ओबामा प्रशासन के करीब आधा दर्जन सदस्य तथा अमेरिकी प्रशासन में शामिल कई भारतीय अमेरिकी सदस्य उपस्थित थे। अमेरिका के दौरे पर आए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर ने भी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
श्री शिव विष्णु मंदिर के पंडित नारायण आचार्य दिगालाकोटे ने इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण किया। ओबामा ने इस अवसर पर एशियन अमेरिकन एंड पैसिफिक आइजलैंडर्स (एएपीआई) और व्हाइट हाउस के लिए सलाहकार आयोग को पुनर्गठित करने की घोषणा की जिसकी पहल पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने 10 वर्ष पहले शुरू की थी।