कृष्णा-यांग बैठक में उठ सकता है अरुणाचल मुद्दा
वार्ता
नई दिल्ली,
सोमवार,
अक्टूबर 19,
2009
बेंगलुरु में अगले सप्ताह होने वाली त्रिपक्षीय बैठक से इतर जब भारत और चीन के विदेश मंत्री की मुलाकात होगी तब अन्य विषयों के साथ अरुणाचल प्रदेश के मुद्दा उठने की संभावना है।
भारत, रूस और चीन के बीच आरआईसी की 27 अक्टूबर को त्रिपक्षीय बैठक में विदेशी मंत्री एसएम कृष्णा, चीन के विदेश मंत्री यांग जेइची और रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव हिस्सा लेंगे।
तीन देशों की यह बैठक उस समय हो रही है जब अरुणाचल प्रदेश और भारतीय क्षेत्र में चीन की घुसपैठ को लेकर भारत और चीन के संबंधों में खटास आई है।
यह मुद्दा अगले सप्ताह थाईलैण्ड में आसियान देशों की बैठक से इतर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के बीच संभावित मुलाकात के दौरान भी उठ सकती है। चीनी प्रधानमंत्री ने मनमोहन सिंह से मिलने की इच्छा प्रकट की थी।
संघाई सहयोग संगठन की पिछले सप्ताह बैठक के दौरान वेन ने पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा से मनमोहन सिंह से मिलने की इच्छा जताई थी।