सैनिकों के साथ अमेरिकी विमान अंतत: रवाना हुआ
भाषा
मुंबई,
सोमवार,
अक्टूबर 19,
2009
अनिवार्य सैन्य मंजूरी के बिना भारतीय वायु सीमा में प्रवेश करने पर रविवार को उतारा गया अमेरिकी चार्टर्ड विमान करीब 34 घंटों के बाद अपने गंतव्य बैंकाक के लिए रवाना हो गया। विमान में चालक दल सहित 205 यात्री सवार थे।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘विमान शाम में पांच बजकर 34 मिनट पर बैंकाक के उटापाओ के लिए रवाना हो गया।’ विमान 33 घंटे 42 मिनट तक हवाई अड्डे पर रहा।
अमेरिकी सेना का चार्टर्ड बोइंग 767 विमान नार्थ अमेरिकन एअरलाइंस का है। यह विमान संयुक्त अरब अमीरात के फुजीरिया से बैंकाक स्थित उटापाओ जा रहा था। इसे रविवार सुबह सात बज कर 52 मिनट पर मुंबई हवाईअड्डे पर उतारा गया था।
वायुसेना ने विमान को रवाना होने के लिए रविवार को ही अनुमति दे दी थी। लेकिन, नागर विमानन नियामक मुद्दों के कारण विमान रवाना नहीं हो सका। इनमें नया वाईए नंबर और चालक दल के सदस्यों को विश्राम आदि शामिल है।
हवाई अड्डा के एक अधिकारी ने बताया कि विमान को सुबह रवाना होना था। लेकिन इसमें फिर देर हुई क्योंकि विमानन कंपनी नई उड़ान योजना पर काम कर रही थी जिसमें अन्य एजेंसियां भी शामिल थी।