'जेल' से पहले निराश था : मनोज
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
शनिवार,
अक्टूबर 31,
2009
बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि फिल्म 'जेल' में अभिनय का अवसर हाथ आने से पहले वह काफी निराश थे। उन्होंने कहा कि कंधे में चोट की वजह से वह काफी समय से फिल्मी दुनिया दूर रहे। मनोज ने कहा, "कंधे में चोट की वजह से मैं ढाई साल तक फिल्मी दुनिया से कटा रहा, जिससे मैं निराश हो गया था।"
फिल्मकार मधुर भंडारकर की आगामी फिल्म 'जेल' में नजर आने वाले मनोज ने कहा कि कंधे में चोट की वजह से वह खुद से ही निराश हो गए थे। मनोज ने बॉलीवुड को 'सत्या', 'पिंजर' और 'शूल' जैसी बेहतरीन फिल्में दी है। मनोज ने कहा पिछले ढाई साल के अनुभवों को उन्होंने फिल्म 'जेल' में उताने की कोशिश की है।
दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल कर चुके मनोज ने कहा, "मैंने दर्द भरी जिंदगी गुजारी है। कुछ ऐसा ही जेल का किरदार है। जब मुझे इस फिल्म की पेशकश मिली तो मैंने योग शुरू किया।" फिल्म 'जेल' में मनोज के साथ अभिनेता नील नितिन मुकेश भी नजर आएंगे। 'जेल' के बाद मनोज की अगली फिल्म 'राजनीति' होगी।