कोड़ा पर पड़ना जारी है आयकर का कोड़ा
वार्ता
रांची,
सोमवार,
नवंबर 2,
2009
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और उनके सहयोगियों की कथित संपत्ति पर आयकर का कोड़ा पड़ना लगातार दूसरे दिन भी जारी है।
आयकर विभाग के निदेशक (अन्वेषण) उज्ज्वल कुमार ने पत्रकारों को बताया कि जांच-पड़ताल, पूछताछ और कई ठिकानों पर छापे अभी भी पड़ रहे हैं। ज्यादा जानकारी देने से इनकार करते हुए उन्होंने बताया कि ‘‘ये अभी एक गंभीर दौर में हैं।’’ एक अन्य आयकर अधिकारी ने बताया कि कुछ जगहों पर छापे की कार्रवाई बंद हो चुकी है जबकि कुछ जगहों पर यह अभी भी जारी है। दस्तावेजों को जब्त करने का काम और मकान सीलबंद करने का काम भी जारी है।
अधिकारी ने बताया कि कुछ लोग पूछताछ का सामना करने आए हैं जबकि कोड़ा के एक प्रमुख सहयोगी विनोद कुमार सिन्हा अभी तक सामने नहीं आए हैं।
गौरतलब है कि आयकर विभाग ने शनिवार को सिन्हा को सामने आने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी थी या फिर कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा था।
कोड़ा और उनके सहयोगियों संजय चौधरी और विनोद सिन्हा के खिलाफ नौ अक्टूबर को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दर्ज किए गए एक मामले के बाद ये छापे पड़ने शुरू हुए थे। प्रवर्तन निदेशालय ने उन पर विदेश में अकूत अवैध संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया था।