अपनी बीवी से ‘एलर्जी’ है इस शख्स को!
भाषा
लंदन,
मंगलवार,
नवंबर 3,
2009
अपनी शादी के चार साल बाद 45 वर्षीय ब्रिटन डैरेन यंग ने कहा है कि उसे अपनी पत्नी सू से एलर्जी है और जब वह उसके करीब जाता है तो शरीर पर सूजन आ जाती है या ददरे पड़ जाते हैं।
दरअसल यंग को आमतौर पर इस्तेमाल में लाई जाने वाली क्रीम और बॉडी लोशन के एक तत्व से एलर्जी है। जब वह इस रसायन, पॉलिथिनील ग्लाइकोल के संपर्क में आता है तो उसके शरीर में सूजन आ जाती है।
साउथ यॉर्कशायर में स्प्रॉटब्रा के बस चालक यंग ने कहा कि वह उस समय तक अपनी पत्नी के करीब नहीं जा सकता, जब तक कि वह क्रीम आदि से दूर नहीं हो।
ब्रिटिश अखबार ‘द सन’ ने उसके हवाले से बताया, ‘‘जब मैं उसके करीब जाता हूं तो उसे मुझसे अलग रहने के लिए कोई बहाने की जरूरत नहीं है। वह केवल इतना कहती है कि वह बॉडी लोशन का इस्तेमाल कर रही है और यही मेरे लिए घातक जैसा है। केवल सू ही नहीं, जब मैं पब या रेस्तरां में जाता हूं और कोई महिला बैठी हो तो भी मुझे दिक्कत होती है।’’ उसने कहा, ‘‘डॉक्टरों को नहीं पता कि ऐसा अचानक कैसे हुआ।’’ यंग को अपनी एलर्जी का पता उस समय चला जब कि उसे पैर की किसी समस्या के लिए पॉलिथिनील ग्लाइकोल का इंजेक्शन दिया गया। उसके बाद उसे सूजन आ गई।