भारत की सलाह चाहते हैं नेपाली नेता
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
काठमांडू,
बुधवार,
नवंबर 4,
2009
नेपाल में पूर्व माओवादी लड़ाकों द्वारा शुरू किए गए आंदोलन को रोक पाने में विफल होने के बाद नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के प्रमुख, भारतीय नेताओं से मंत्रणा करने के लिए मंगलवार से सप्ताह भर की भारत यात्रा पर हैं।
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-यूनीफाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट के प्रमुख झालानाथ खनाल नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बातचीत करेंगे। खनाल की पार्टी फिलहाल नेपाल की 22 दलीय गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही है।
खनाल यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी के साथ भी राय मशविरा करेंगे। ये नेता नेपाली माओवादियों के करीबी माने जाते हैं। खनाल भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। वह भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के साथ मुलाकात करने वाले हैं।
नेपाल की कम्युनिस्ट नेतृत्व वाली सरकार माओवादियों द्वारा रविवार से शुरू किए गए ताजा विरोध प्रदर्शनों के कारण त्रस्त हो गई है। माओवादियों के विरोध प्रदर्शनों के अलावा सरकार अपनी एक पूर्व सहयोगी पार्टी के भी दबाव से जूझ रही है। दक्षिणी तराई इलाके की सबसे बड़ी पार्टी और सरकार में सहयोगी रहे मधेसी जनाधिकार फोरम सत्ताधारी गठबंधन सरकार को समर्थन देने के मुद्दे पर अब दो खेमो में बंट गया है।