• Sign Up
  • |
  • Sign-In Sign Out
  • |
  • Make us your home
  • |
  • RSS
1 42 Video %>
1 52 News %>
1 57 Photo %>
1 64 Interactives %>
1 69 Leisure %>
1 74 Filmhai %>
1 80 Auto Guide %>
1 141 Dharm and Sahitya %>
1 81 Astro %>
1 179 Jobs %>
SME
 IST 22,  2009  01:05 नवंबर Last Updated :
फोकस
मांगी हुई किट से अभ्यास करने जाते थे धोनी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली, बृहस्पतिवार, नवंबर 5, 2009
टिप्पणियां:
पढ़ें (3)
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास भले ही अपार शोहरत, करोड़ों की संपत्ति, दर्जनों बल्ले और शानदार किट हो, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब वह बड़ी बहन जयंती द्वारा बनाई गई चाउमीन को टिफिन में भरकर उधार की किट के साथ अभ्यास करने के लिए जाते थे।

खेल पत्रकार सी राजशेखर राव द्वारा लिखित पुस्तक 'धोनी' ने भारतीय कप्तान के इस रोचक सफरनामे का खुलासा किया है। इस पुस्तक के माध्यम से राव ने खिलाड़ी, कप्तान और एक व्यक्ति के रूप में धोनी के जमीन से आसमान तक के सफर पर प्रकाश डाला है।

राव लिखते हैं कि धोनी के पिता पान सिंह मेकॉन कंपनी में दैनिक भत्ते पर काम किया करते थे। बाद में उन्हें पंप ऑपरेटर के तौर पर स्थाई नौकरी मिल गई, लेकिन उस नौकरी के बदले मिलने वाले वेतन से धोनी के लिए महंगी क्रिकेट किट नहीं खरीदी जा सकती थी। यही कारण है कि धोनी अपने दोस्तों से किट उधार लेकर अभ्यास के लिए जाते थे।

गरीबी धोनी के राह में कभी भी रोड़ा नहीं बनी। यह कारण था कि उन्होंने पहले ही ठान लिया था कि उन्हें क्रिकेट में ही करियर बनाना है और इसे लेकर वह हमेशा सकारात्मक सोचा करते थे। शुरुआती दिनों में उनकी जिंदगी में कई मुश्किलें आईं, लेकिन इन्हें उन्होंने हंसते-हंसते पार कर लिया।

धोनी की सबसे बड़ी खासियत थी कि वह अपनी राह में आने वाले हर एक मौके को भुनाना जानते थे। इसी विलक्षण गुण ने उन्हें आज इतना ऊपर पहुंचा दिया है। हमें देखने में भले ही लगता है, लेकिन भारतीय टीम का कप्तान बनने तक का उनका सफर कतई आसान नहीं रहा है।

धोनी को फुटबॉल के गोलकीपर से क्रिकेट का विकेटकीपर बनाने वाले प्रशिक्षक केशब रंजन बनर्जी कहते हैं कि 1995 में धोनी आठवीं कक्षा में पढ़ते थे। वैसे तो वह एक विकेटकीपर थे, लेकिन एक मैच के दौरान उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिल गया। उन्हें 5-10 गेंदों का सामना करना था। उनसे अपेक्षा की जा रही थी कि वह इतनी गेंदों पर 15-20 रन जुटा लेंगे, लेकिन धोनी ने 23 रन जुटाकर अपने साथियों को खुश कर दिया। बल्लेबाजी से धोनी का यह पहला परिचय था।

बतौर बल्लेबाज अब उनके अंदर का आत्मविश्वास जाग रहा था। कक्षा 10 में उन्हें एक स्कूली मैच में पारी शुरू करने के लिए भेजा गया। उन्होंने 150 गेंदों पर 23 चौकों और छह छक्कों की मदद से 213 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया। इस दौरान उन्होंने अपने साथी बल्लेबाज शब्बीर हुसैन के साथ 40 ओवरों के मैच में 378 रनों की साझेदारी निभाई। शब्बीर ने 116 गेंदों पर 117 रन बनाए।

उस पल को याद करते हुए बनर्जी कहते हैं, "हम 1996 से 2000 तक लगातार चैम्पियन रहे, लेकिन 1999 का फाइनल हम कभी नहीं भूल सकते। धोनी और शब्बीर ने क्या गजब की पारी खेली थी। आप सहज ही इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि उस समय मैदान में क्या हो रहा होगा, जब दोनों बल्लेबाजों ने 40 ओवर के मैच में पहले विकेट के लिए 378 रन जोड़ दिए थे।"

धोनी मेकॉन कालोनी में पले-बढ़े। एक क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर उनकी पहचान बनने लगी थी, लेकिन दुख की बात यह थी कि उन्हें मेकॉन की टीम में जगह नहीं मिली। चयनकर्ता अमित मिश्रा ने कहा था कि धोनी की उम्र काफी कम है और टीम में जगह पाने के लिए उन्हें इंतजार करना होगा।

धोनी इससे निराश नहीं हुए और स्कूल में रहते हुए ही उन्होंने 1998 में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) टीम में जगह बना ली। इसके बदले उन्हें 2000 रुपये प्रतिमाह का स्टाइपेंड मिला करता था। धोनी सीसीएल के मैच खेला करते थे। जल्द ही धोनी की बोर्ड की परीक्षाएं आ गई और यही वक्त फैसला करने का था। धोनी ने अपने मन की सुनते हुए क्रिकेट को वरीयता देने का फैसला किया।

बतौर खिलाड़ी धोनी के संघर्ष के गवाह रहे उनके प्रशिक्षक, दोस्त और मेकॉन के खिलाड़ी जितेंद्र कुमार सिंह का मानना है कि आत्मविश्वास धोनी की सबसे बड़ी पूंजी थी।

धोनी के नाम पर मंदिर बनवाने को लेकर खबरों में आए जितेंद्र कहते हैं, "उनके अंदर आत्मविश्वास कूट-कूट कर भरा था। साथ ही उनकी बल्लेबाजी तकनीक दूसरों से भिन्न और ठोस थी। यह जानते हुए भी धोनी खूब मेहनत किया करते थे। मुझे याद है कि वह मुझे सुबह चार बजे उठाकर कहा करते थे 'जीतू भैया..खेलने चलिए।' मेकॉन के लिए खेलने के दौरान जब मैं अभ्यास सत्र के दौरान दिन में चार मैच आयोजित कराता था, तब वह चारों मैचों में खेला करते थे। वह 200 लड़कों में सबसे अलग दिखा करते थे।"

जितेंद्र कहते हैं कि उन्हें यह देखकर बहुत दुख होता था कि प्रतिभा का धनी होने के बावजूद धोनी बिना किट और अच्छे जूतों के अभ्यास के लिए आते थे।

जितेंद्र कहते हैं, "मैं वह दिन नहीं भूल सकता। आज धोनी के पास सबकुछ है। निश्चित तौर पर वह भी उन दिनों को नहीं भूले होंगे। मैं उनसे  बेहद प्रभावित था। अगर मैं उनसे छोटा होता, तो निश्चित तौर पर वह मेरे प्रेरणास्रोत होते। मेरी नजर में धोनी उस क्रिकेटर का नाम है, जो दिल से ईमानदार और सीधा-साधा है और जिसने कभी भी खुद को किसी अन्य से दोयम नहीं समझा। इसी गुण ने धोनी को जमीन से आसमान तक पहुंचा दिया है।"
टिप्पणियां:
पढ़ें (3)
टिप्पणियां
लेकिन क्या धोनी को आज याद है की वह किस पृष्ठभूमि से आए हुए हैं? जिस तरह का घमंड उनके व्यवहार और सार्वजानिक जीवन में दिखाई देता है, उससे तो लगता है जैसे ... पढ़ें
अनिल जैन, aniljainbgt@yahoo.co.in, बालाघाट म प्र
जो अपने पिछले दिनों को याद रखेगा, वही इंसान आगे बढ़ेगा।
pramod, tiwarypramod3@gmail.com, mumbai
यह आलेख हमारे लिए एक सीख है। हम आज भी अपनी कमी को अपनी कमजोरी समझ लेते हैं। अगर मन में कुछ करने के ठान लो तो कोई भी कमी हमारे लक्ष्य से हमें दूर नहीं ... पढ़ें
योगेश कुमार ramtekkar, ramtekkar_yogesh@yahoo.in, भोपाल
 
खोजें
 
फोकस
ओबामा के काम का समर्थन करने वालों की संख्या दर में पहली बार 50 प्रतिशत से नीचे तक गिरावट आ गई है।