कोड़ा की डायरी में हैं कई राज!
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
रांची,
शुक्रवार,
नवंबर 6,
2009
झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के आवास से आयकर अधिकारियों द्वारा जब्त की गई एक डायरी से कई राज खुल सकते हैं। उधर कोड़ा को अपोलो अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) से जनरल वार्ड में भेज दिया गया जबकि प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में हैं।
इस बीच पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने गुरुवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के आय से अधिक सम्पति अर्जित करने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पटना में अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि मधु कोड़ा के मामले में निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में जो कोई भी दोषी हो उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार डायरी में उन राजनेताओं के नाम हैं जिन्होंने उनकी सरकार को बनाने और संकट के दौरान कायम रखने में भूमिका निभाई। सूत्रों के अनुसार डायरी में बिहार और महाराष्ट्र के राजनेताओं के नाम हैं। राजनेताओं के साथ ही कई पत्रकारों ने भी कोड़ा से लाभ उठाया। आयकर विभाग ने इससे पहले काले धन को वैध बनाने के कोड़ा के कार्य से लाभ पाने वाले दो पत्रकारों के नाम उजागर किए थे।
सहारा न्यूज चैनल में सितम्बर तक एक रिपोर्टर रहे और अब अपना चैनल शुरू करने की योजना बना रहे अरुप चटर्जी और एक हिंदी अखबार शुरू करने वाले ठेकेदार प्रेम शंकरन पर कोड़ा से कथित रूप से धन लेने का आरोप है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद कोड़ा को गुरुवार को अपोलो अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) से जनरल वार्ड में भेज दिया गया जबकि प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में हैं। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि अगले एक या दो दिनों में चिकित्सक कोड़ा की सेहत पर नजर रखेंगे और इसके बाद उनको अस्पताल से छुट्टी देने पर फैसला होगा। कोड़ा को पेट दर्द, उल्टी और उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद मंगलवार को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
निदेशालय का एक दल कोड़ा से पूछताछ के लिए रांची में है। कोड़ा को इस संबंध में एक नोटिस जारी कर 9-11 नवंबर के बीच पूछताछ के लिए तलब किया गया है। अपोलो प्रबंधन की ओर से निदेशालय के दल को कोड़ा की सेहत की जानकारी दी जा रही है।
अस्पताल से छुट्टी नहीं मिलने की सूरत में कोड़ा की गिरफ्तारी की जाएगी और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों की निगरानी में उनका इलाज जारी रहेगा। आयकर विभाग के निदेशक (जांच) उज्ज्वल चौधरी ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनसे पूछताछ होगी। कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपयों के गैर कानूनी लेन-देन का आरोप है। उन पर आरोप है कि इस राशि में से 550 करोड़ रुपये की रकम उन्होंने हवाला के जरिए या अवैध धन को वैध बनाकर दुबई, थाईलैंड, लाइबेरिया और मलेशिया भिजवाई।