खुशहाली में भारत का 45वां स्थान, पाक 99वें पर
वार्ता
नई दिल्ली,
शुक्रवार,
नवंबर 6,
2009
विश्व में आम आदमी की खुशहाली और जीवन स्तर के संदर्भ में अध्ययन करने वाले ब्रिटेन के लेगाटम इंस्टीच्यूट ने 2009 में 104 देशों को आधार बनाकर तैयार किए गए प्रॉस्परेटी इंडेक्स में भारत को 45वें स्थान पर रखा है। सूची में चीन 75वें और पाकिस्तान 99वें स्थान पर है।
संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ विलियम एन्बोडेन शुक्रवार को बताया कि उनका संस्थान पिछले तीन वर्षों से वैश्विक स्तर पर लोगों में खुशहाली और उनके जीवन स्तर से संबंधित आंकड़े का अध्ययन कर उसके आधार पर किसी देश को रैंक प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि 2009 के लेगाटम प्रॉस्परेटी इंडेक्स में भारत को 45वां स्थान मिला है जबकि 104 देशों की इस सूची में पहले स्थान पर फिनलैंड, दूसरे स्थान पर स्विटजरलैंड और तीसरे स्थान पर स्वीडन को जगह मिली है। सूची में आखिरी स्थान जिम्बाबे को मिला है जबकि उससे ठीक पहले सूडान है।
सूची में अमरीका 9वें स्थान पर और ब्रिटेन 12वें स्थान पर है। जर्मनी 14वें, फ्रांस 17वें तथा जापान को 16वां स्थान मिला है। ब्राजील 41वें स्थान पर है जबकि चीन 75वें स्थान पर है। पड़ोसी पाकिस्तान को 99वें स्थान पर जगह मिली है।
संस्थान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सावधानी में भारत का स्थान काफी कमजोर है। सामाजिक पूंजी के स्तर पर भारत का स्तर बहुत अच्छा है। आर्थिक आधार, उद्योग, लोकतांत्रिक संस्थान आदि के स्तर पर भारत को सामान्य बताया गया है लेकिन इन स्तरों पर पाकिस्तान की स्थिति ज्यादा दयनीय है।