भगोड़े लड़ाकू नरक जाएंगें : हकीमुल्लाह
वार्ता
डेरा इस्माइल खान,
शुक्रवार,
नवंबर 6,
2009
तहरीके तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) कमांडर हकीमुल्लाह मेहसूद ने दक्षिणी वजीरिस्तान में चल रही सैन्य कार्रवाई से डरकर भाग रहे अपने लड़ाकुओं को चेतावनी है कि ऐसे भगोड़े नरक में जाएंगें।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हकीमुल्लाह मेहसूद ने मंगलवार को अपने लड़ाकुओं को रेडियों पर दिए संदेश में कहा, 'अल्लाह के इस आदेश को हमेशा याद रखे कि शत्रु के साथ एक बार युद्ध शुरू हो जाने के बाद बिना अपने कमांडर की अनुमति के आप युद्ध का मैदान नहीं छोड़ सकते। युद्ध में लड़ने से बचने के लिए कोई बहाना न ढूंढे।' उसने चेतावनी दी कि मैदान छोड़कर भाग रहे लोग अल्लाह के आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं और ऐसे लोग नरक में जाएंगे।
हकीमुल्लाह ने अपने लड़ाकुओं के भागने पर चिंता जताते हुए कहा, 'हम जेहाद कर रहे हैं इसलिए हमें शैतानों की अफवाहों पर ध्यान देकर भागना नहीं चाहिए। हमें इस्लाम के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर देना चाहिए ताकि कयामत के दिन हम गर्व महसूस कर सके।