फेडरर ने पूर्णकालिक फिजियो नियुक्त किया
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
बासले (स्विट्जरलैंड),
शुक्रवार,
नवंबर 6,
2009
विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने 2012 के ओलिंपिक खेलों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए फेडरर ने एक शीर्ष फिजियो को पूर्णकालिक तौर पर अपने साथ रहने के लिए नियुक्त किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक फेडरर ने पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) द्वारा सातवीं वरीयता प्राप्त फिजियो स्टेफान विवेयर की मदद लेने का फैसला किया है। फेडरर ने अमेरिकी खिलाड़ी एंडी रॉडिक से प्रेरणा लेते हुए पूर्णकालिक फिजियो नियुक्त किया है।
इस वर्ष चोटों और थकान से परेशान रहने वाले फेडरर ने साफ किया है कि वह बढ़ती उम्र के बावजूद टेनिस कोर्ट पर सक्रिय रहना चाहते हैं और इसके लिए पूर्णकालिक फिजियो का साथ रहना जरूरी है। अब तक 15 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के साथ-साथ लगातार 22 ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले फेडरर ने लंदन ओलंपिक में अपने देश के लिए पदक जीतने का भी मन बना लिया है।