'सब भारत मां के लाल, भेदभाव का कहां सवाल'
वार्ता
इंदौर,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि अन्य प्रदेश के नागरिक मध्यप्रदेश में न आएं।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि मध्यप्रदेश में बिहार, उत्तर प्रदेश, दक्षिण भारत, पंजाब या किसी भी अंचल के लोग आएं उनका स्वागत है। वे ऐसी किसी भी बात का विरोध करते हैं जो देश वासियों में विभेद पैदा करती हो।
गौरतलब है कि मीडिया में इस तरह के समाचार आ रहे थे कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को मध्यप्रदेश में रोजगार नहीं देने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने यह अवश्य कहा है कि जहां कहीं भी उद्योग धंधे या कारखाने लगें वहां पचास प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। कारखानों में जिनकी जमीनें जाती हैं उनकी पीड़ा दूर की जानी चाहिए। यदि स्थानीय लोग प्रशिक्षित नहीं हैं तो उन्हें प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने दोहराते हुए कहा कि प्रत्येक भारतवासी का मध्यप्रदेश में स्वागत है। उन्होंने कहा, 'हम सब भारत मां के लाल, भेदभाव का कहां सवाल है।'