नेपाल में शांति प्रक्रिया में गतिरोध बरकरार : संयुक्त राष्ट्र
भाषा
संयुक्त राष्ट्र,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने सुरक्षा परिषद में कहा कि नेपाल में शांति प्रक्रिया में गतिरोध बना हुआ है और टकराव तथा हिंसा की आशंका भी है।
यूएन मिशन इन नेपाल (यूएनएमआईएन) की प्रमुख केरिन लैंडग्रेन ने विश्व संस्था के महासचिव बान की मून की नवीनतम रिपोर्ट सुरक्षा परिषद में पेश करते हुए कहा ‘‘लगातार प्रयासों के बावजूद, बड़े दलों के बीच विश्वास कायम नहीं हो पा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में माओवादियों से जुड़ी यंग कम्युनिस्ट लीग और यूनिफाइड माओइस्ट लेनिनिस्ट यूथ फोर्स के बीच कुछ पूर्वी जिलों में टकराव की घटनाएं हुईं।
केरिन ने कहा, ‘‘वर्तमान हालात में, विरोध की इन घटनाओं से टकराव और हिंसा का खतरा बढ़ रहा है। अभी तत्काल आवश्यकता तनाव घटाने और शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की है।’’ उन्होंने कहा ‘‘नेपाल में करीब तीन सदियों से चली आ रही राजशाही की समाप्ति के बाद से राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है।’’ उन्होंने कहा कि मई के बाद से राजनीतिक गतिरोध को दूर नहीं किया जा सका है।