पाक ने जुनदल्लाह नेता को रिहा किया : ईरान
वार्ता
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
ईरान के अत्यंत प्रशिक्षित रिवॉल्यूशनरी गार्ड के उप प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि उसने सुन्नी विद्रोही गुट जुनदल्लाह के नेता अब्दुल मलिक रिगी को रिहा कर दिया है।
ईरान की फार्स संवाद समिति ने ब्रिगेडियर जनरल सलामी के हवाले से बताया कि 26 सितंबर को रिगी को क्वेटा से गिरफ्तार किया गया था लेकिन वहां की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा हस्तक्षेप किए जाने के बाद जल्द ही उसे रिहा कर दिया गया। उन्होंने कहा, 'हमें आतंकवादियों के छिपने के स्थान के विषय में जानकारी है।' ब्रिगेडियर जनरल सलामी ने कहा, 'पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के पहरे में रहने वाला व्यक्ति खुला कैसे घूम सकता है।' क्वेटा पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी है और इसकी सीमा ईरान के सिस्तान बलूचिस्तान प्रांत से लगती है। इसी इलाके में जुनदल्लाह गुट सक्रिय है।
ज्ञातव्य है कि 18 अक्टूबर को सिस्तान बलूचिस्तान प्रांत के कस्बे पिशीन में जुनदल्लाह ने एक भीषण आत्मघाती हमला किया था जिसमें 15 ईरानी सैनिकों समेत 42 लोग मारे गए थे।