सात राज्यों में शांतिपूर्ण रहा उपचुनाव
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
सात राज्यों में विधानसभाओं की 31 और उत्तर प्रदेश में लोकसभा की फिरोजाबाद सीट के लिए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया और जिनमें सामान्य से भारी मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने यहां बताया कि मतदान कुल मिलाकर पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव के इस्तीफे से खाली फिरोजबाद लोकसभा सीट पर मतदाताओं में सुबह से ही काफी उत्साह देखा गया और 55 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट पर मुख्य मुकाबला यादव की पत्नी डिंपल और कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर के बीच है।
साथ ही राज्य की जिन 10 विधानसभा सीटों के लिए लगभग 50 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। उत्तर प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए वे हैं : पुवांया, लखनऊ पश्चिम, सिसौली, हैसर बाजार, पडरौनी, कोलसाला, रारी, इटावा, भर्थना, ललितपुर और झांसी।
पश्चिम बंगाल की बेलगछिया, कालचीनी, राजगंज, सूजापुर, गोलपोखर, बनगांव, कौतई दक्षिण, एगरो, श्रीरामपुर और अलीपुर, केरल की कन्नूर, एरनाकुलम और अलपुझा, राजस्थान की टोडभीम और सलूंबर, हिमाचल प्रदेश के जवाली और रोहडू, असम की सालमारा और ढोकियाजूली तथा छत्तीसगढ़ की वैशालीनगर विधानसभा सीट के लिए भारी मतदान हुआ।