'हेडली मामले की अमेरिका ने दी भारत को सूचना'
भाषा
वाशिंगटन,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
अमेरिका ने शनिवार को कहा कि लश्करे तैयबा के निर्देश पर भारत पर बड़े हमले करने की साजिश रचने के मामले में एफबीआई की ओर से पिछले महीने गिरफ्तार डेविड हेडली के बारे में उसने भारत सरकार को जानकारी दे दी है और मामले की आगे जांच जारी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इयान केली ने एक प्रश्न के जवाब में कहा, ‘‘मुझे पता है कि हमारे राजदूत (टिम रोएमर) ने इस मामले में भारत सरकार को जानकारी दे दी है और हम मामले की जांच कर रहे हैं।’’ गौरतलब है कि हेडली (49) को बीते महीने शिकागो के ओ हेयर इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था जब पाकिस्तान जाने की तैयारी में था।
एफबीआई ने इसी मामले में एक अन्य व्यक्ति पाकिस्तानी मूल के एक कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन (48) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में केली आगे जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामला अभी अदालत के विचाराधीन है। उन्होंने कहा, ‘‘पूछताछ के बारे में जानकारी देने की मुझे इजाजत नहीं है। यह कानूनी मामला अभी जारी है और न्यायपालिका के विचाराधीन है।’’ केली ने कहा, ‘‘मुझे इतना पता है कि भारत सरकार को इस मामले के प्रमुख पहलुओं के बारे जानकारी दे गई है।’’