आधुनिक दौर का चमत्कार हैं कैटरीना : अमिताभ
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
हाल ही में रियलिटी शो 'बिग बॉस 3' के सेट पर अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री कैटरीना कैफ से मुलाकात कर चुके सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने कैटरीना की प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह 'आधुनिक दौर का चमत्कार' हैं।
अमिताभ ने अपने 'ब्लॉग बिगबी डॉट बिगअड्डा डॉट कॉम' पर लिखा है, "कैटरीना आधुनिक समय का चमत्कार हैं। गैर हिन्दी भाषी शर्मीली युवती और 'बूम' की अनिश्चित महिला से परिपक्व होकर अब वह हमारी बिरादरी की सबसे पसंदीदा अभिनेत्री बन गई हैं।"
शुक्रवार को प्रदर्शित हुई फिल्म 'अजब प्रेम की गजब कहानी' के प्रचार-प्रसार के लिए रणबीर और कैटरीना 'बिग बॉस 3' में पहुंचे थे और अमिताभ इस शो के प्रस्तोता हैं। अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा कि वे (रणबीर और कैटरीना) आकर्षक और प्यारे हैं। उल्लेखनीय है कि अमिताभ की बेटी श्वेता का विवाह रणबीर की बुआ के पुत्र से हुआ है।