पत्नी ने कहा, मधु कोड़ा निर्दोष
भाषा
रांची,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने दावा किया कि मधु कोड़ा निर्दोष हैं। मधु कोड़ा हवाला एवं अवैध निवेश के माध्यम से दो हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जुटाने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
गीता ने एक स्थानीय चैनल से कहा, ‘‘मैं जानती हूं कि कोड़ा पूरी तरह निर्दोष हैं और कथित घोटाले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है। हमारे घर से कुछ भी बरामद नहीं हुआ और न्यायपालिका में मुझे पूरा विश्वास है।’’ कथित घोटाले के संबंध में जिन नेताओं के नाम आ रहे हैं उस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘वह नेता हैं और कई राजनेताओं से उनके संपर्क हैं। इसलिए इस पर मैं कैसे टिप्पणी कर सकती हूं।’’ गीता ने कहा कि छापेमारी के दौरान आईटी अधिकारियों ने दपंति पर कोई दबाव नहीं डाला। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम निर्दोष हैं तो वह ऐसा क्यों करेंगे।’’ उन्होंने यह भी कहा कि छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों द्वारा डायरी जब्त करने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
अगले कदम के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं अभी नहीं कह सकती कि क्या करूंगी। फिलहाल जांच जारी है। मुझे उन पर पूरा विश्वास है और वह जो भी कर रहे हैं, वह उन्हें करने दीजिए। उसके बाद हम निर्णय करेंगे कि क्या करना है।’’ कोड़ा (38) पर हवाला और अवैध निवेश के माध्यम से दो हजार करोड़ रुपये से ज्यादा धन इकट्ठा करने का आरोप है।