कोड़ा की पत्नी ने दी बकरे की बलि
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
रांची,
शनिवार,
नवंबर 7,
2009
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने अपने पति की बेहतरी के लिए यहां एक मंदिर में 11 बकरों की बलि चढ़ाई है। मधु कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। खबरों के मुताबिक गीता ने रामगढ़ जिले में स्थित राजरप्पा मंदिर में शुक्रवार की शाम बकरों की बलि दी।
मंदिर के पुजारियों के मुताबिक गीता कोड़ा ने अपने पति के स्वस्थ्य के लिए प्रार्थना की। पेट में दर्द की शिकायत के बाद कोड़ा को पिछले तीन नवंबर से एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गीता ने शनिवार को अपने पति के संसदीय क्षेत्र सिंहभूम का दौरा किया। गीता ने वहां संवाददाताओं को बताया, "मेरे पति निर्दोष हैं और उन्हें फंसाया जा रहा है।" कोड़ा के पिता रसिक कोड़ा का भी कहना है कि उनके बेटे को राजनीतिक कारणों से फंसाया जा रहा है।
पश्चिम सिंहभूम जिले में स्थित अपने गांव पाताहातू में रसिक कोड़ा ने संवाददाताओं से कहा, "मेरा बेटा 25 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करना चाहता था। वह राजनीतिक साजिश का शिकार है।"