पेशावर में हुए आत्मघाती हमले में मेयर सहित 12 मरे
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
पेशावर,
रविवार,
नवंबर 8,
2009
पाकिस्तान के पेशावर में रविवार को एक मवेशी बाजार में हुए आत्मघाती हमले में शहर के मेयर अब्दुल मलिक सहित 12 लोगों की मौत हो गई है। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस हमले की निंदा की है। प्रधानमंत्री गिलानी ने कहा है कि इस आत्मघाती हमले में शामिल लोग देश के दुश्मन थे।
पाकिस्तान के एक पुलिस अधिकारी लियाकत अली खान ने बताया कि यह आत्मघाती हमला शहर के मेयर अब्दुल मलिक को निशाना बनाकर किया गया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल अब्दुल मलिक को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई।
विस्फोट के बाद घायलों को लेडी रेडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में नौ की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हमले में सात वाहन नष्ट हो गए और दो इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस भीषण आत्मघाती हमले के बाद इलाके में तनाव फैल गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) करीम खान ने कहा कि लगता है कि यह विस्फोट एक आत्मघाती हमला था। पेशावर में हुए इस हमले के लिए खबर एजेंसी और दारा आदमखेल के आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।