अमर सिंह की नजर में हिटलर के समान हैं राज ठाकरे
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
नई दिल्ली,
शनिवार,
नवंबर 14,
2009
समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह ने महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे को हिटलर की संज्ञा देते हुए शनिवार को कहा कि यदि भाषाई संकीर्णता के इस हिटलर को रोका नहीं गया तो वह उन ताकतों को ही निगल जाएगा, जिन्होंने उसे पैदा किया है।
अमर सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी अपनी महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबु आसिम आजमी को सम्मानित करेगी। आजमी पर मनसे विधायकों ने पिछले दिनों मुंबई में राज्य विधानसभा में मराठी में शपथ न लेने पर हमला किया था। आजमी ने हिंदी में शपथ ली थी। कांग्रेस का नाम लिए बगैर अमर सिंह ने कहा कि जिन ताकतों ने अलगाववादी नेता जरनैल सिंह भिंडरवाले को तैयार किया था, उन्हीं ताकतों ने राज ठाकरे को पैदा किया है। देश के प्रमुख राजनीतिक ताकतों से राज ठाकरे के खिलाफ प्रतिक्रिया जाहिर करने का आह्वान करते हुए अमर सिंह ने कहा कि जब हिटलर ने पोलैंड और चेकोस्लोवाकिया पर हमला किया था तो उस समय वैश्विक शक्तियों ने कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की थी। अमर सिंह ने कहा, "लेकिन हिटलर वहीं नहीं रुका था।"