इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेलेगा पाक
वार्ता
दुबई,
बुधवार,
नवंबर 18,
2009
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तटस्थ स्थल इंग्लैंड में अगले वर्ष जुलाई में पाकिस्तान टेस्ट और ट्वेंटी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष डेविड मोर्गन ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि पाकिस्तान में होने वाली सभी घरेलू श्रृंखलाएं तटस्थ स्थल पर होंगी।मोर्गन ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को इस सीरीज के लिए तैयार होने पर बधाई दी है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में लगातार हो रहे आतंकी हमले के कारण दुनिया के कई देश वहां खेलने से इनकार कर चुके हैं। यही कारण है कि पाकिस्तान को तटस्थ स्थलों पर सीरीज खेलनी पड़ रही है।
मोर्गन ने तीनों देशों के बोर्डों के रूख की प्रशंसा करते हुए कहा, 'आईसीसी यह पूरी कोशिश कर रहा है कि पाकिस्तान के हालात से क्रिकेट को कोई नुकसान नहीं पहुंचे। वास्तव में होना तो ये चाहिए कि ये सभी सीरीज पाकिस्तान में होने चाहिए लेकिन वहां के हालात को देखते हुए यह संभव नहीं है। ऐसे में अच्छी स्थिति तो यही है कि ये मैच तटस्थ स्थल पर खेले जाएं।'