करजई के वादों पर रहेगी अमेरिका की नजर : हिलेरी
एपी
काबुल,
शुक्रवार,
नवंबर 20,
2009
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने हाल ही में दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ले चुके अफगानिस्तान के राष्ट्रपति के अपने उद्घाटन भाषण में भ्रष्टाचार से कड़ाई से निपटने के संकल्प की सराहना की लेकिन आगाह किया कि वाशिंगटन और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पर नजर रखेगा कि हामिद करजई अपने वादों पर खरे उतरें।
राष्ट्रपति पद पर करजई के दूसरे कार्यकाल के लिए हुए शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने हिलेरी कल राजधानी काबुल में थीं। करजई पर उनकी सरकार में अंदर तक पैठ जमाये बैठे भ्रष्टाचार को खत्म करने का दबाव है। अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने सुधार में प्रगति को सैन्य तथा वित्तीय मदद से जोड़कर देखने की चेतावनी दी है।
हिलेरी ने अति सुरक्षा वाले अमेरिकी दूतावास परिसर में हुए संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘राष्ट्रपति करजई के दूसरे कार्यकाल से हम यह अपेक्षा रखते हैं कि इसमें अफगानिस्तान के लोगों के अधिकारों का सम्मान हो, उन्हें सेवाएं दी जायें और लोगों की चिंताओं पर पारदर्शिता तथा जवाबदेही तरीके से प्रतिक्रिया दी जाए।’’