यह ख़बर 08 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

चुनावी नतीजे कांग्रेस की सोच के खिलाफ : हर्षवर्धन

नई दिल्ली:

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के बहुमत की ओर बढ़ने के संकेत मिलने के साथ ही पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि सरकार गठित होने के एक पखवाड़े के भीतर तात्कालिक महत्व के मुद्दों तथा महिला सुरक्षा के लिए कार्यबल का गठन कर दिया जाएगा।

हर्षवर्धन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस की सोच के खिलाफ हैं, जिसने दिल्ली में 15 साल शासन किया और लोगों को समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही। उनका मानना है कि दूसरे स्थान पर चल रही आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के वोटों पर कब्जा किया है।

हर्षवर्धन ने कहा, मैं 7 से 15 दिनों के भीतर कार्ययोजना बनाने के लिए प्रशासन को निर्देश दूंगा, ताकि सभी मोर्चों पर एकसाथ काम शुरू किया जा सके। उन्होंने 'एनडीटीवी' से कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा पर मुख्य ध्यान देगी। गश्त बढ़ाई जाएगी, एक महिला कार्य बल का गठन किया जाएगा तथा अंधेरे स्थानों को रोशन किया जाएगा।

भाजपा नेता ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के बारे में कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने पर यह संभव हो सकेगा। हर्षवर्धन ने कहा, उन्हें (कांग्रेस) 15 साल मिले, लेकिन शहर की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। उनकी पहचान भ्रष्टाचार, घोटाले और महंगाई की बनी है। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी भी तरह की कलह से इनकार किया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com