यह ख़बर 04 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

'40 साल में नहीं तो 5 साल में क्या विकास करेगी कांग्रेस'

खास बातें

  • मायावती ने चुनाव प्रचार के चौथे दिन शनिवार को कहा कि 40 साल उत्तर प्रदेश की सत्ता में रहने पर जब कांग्रेस ने विकास नहीं किया तो 5 साल में क्या करेगी।
महाराजगंज:

उत्तर प्रदेश की बदहाली के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने चुनाव प्रचार के चौथे दिन शनिवार को कहा कि 40 साल उत्तर प्रदेश की सत्ता में रहने पर जब कांग्रेस ने विकास नहीं किया तो 5 साल में क्या करेगी।

पूर्वाचल के महाराजगंज में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए मायावती ने कहा, "उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा समय 40 साल तक कांग्रेस ने राज किया। उसी की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में गरीबी व बेरोजगारी बढ़ी और लोग दूसरे राज्यों में पलायन के लिए मजबूर हुए।"

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और प्रचार करने अमेठी पहुंचीं उनकी बहन प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा, "दोनों भाई-बहनों के पास अलादीन का चिराग है, जो पांच साल में राज्य की तस्वीर बदलने की बात करते हैं। उत्तर प्रदेश के विकास को लेकर प्रियंका की चिंता बेकार है, जो कभी नजर नहीं आतीं और केवल चुनाव के समय वोट मांगने के लिए चली आती हैं।"

मायावती ने कहा, "जब चालीस साल तक सत्ता में रहने पर कांग्रेस प्रदेश का विकास नहीं कर पाई तो उसके युवराज (राहुल गांधी) पांच साल में कैसे करेंगे।" उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी जहां से कांग्रेस के सांसद और विधायक जीतते हैं, वहां भी कांग्रेस ने कोई विकास नहीं किया।

चुनाव प्रचार अभियान में कांग्रेस पार्टी पर हमला जारी रखते हुए मायावती ने कहा, "31 महीने के कार्यकाल में 62 घोटाले करने वाली कांग्रेस अगर उत्तर प्रदेश की सत्ता में आ गई तो फिर से बेरोजगारी और गरीबी बढ़ जाएगी।"

कांग्रेस-नीत केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा, "उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए हजारों रुपये के पैकेज की हमारी मांग कांग्रेस ने स्वीकार नहीं की।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मायावती ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी (सपा) सत्ता में आ गई तो गुंडे थाने चलाएंगे और बहू-बेटियों की इज्जत महफूज नहीं रहेगी और अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आ गई तो साम्प्रदायिकता इतनी बढ़ जाएगी कि रहना मुश्किल हो जाएगा।