यह ख़बर 06 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

पंजाब चुनाव : कांग्रेस सूची में 'रिश्तेदारों' की भरमार

खास बातें

  • कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 30 जनवरी को होने वाले मतदान को देखते हुए प्रत्याशियों को नामों को अंतिम रूप दे दिया है।
चण्डीगढ़:

कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 30 जनवरी को होने वाले मतदान को देखते हुए प्रत्याशियों को नामों को अंतिम रूप दे दिया है। इसमें भरसक जिताऊ उम्मीदवारों को शामिल किया गया है। लेकिन इनमें एक बड़ी संख्या पंजाब के कांग्रेस नेता के सगे-सम्बंधियों की ही है।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह व विदेश राज्य मंत्री परणीत कौर के बेटे रनिंदर सिंह से लेकर पार्टी विधायक दल की नेता राजिंदर कौर भट्टल के दामाद विक्रम बाजवा सहित कई अन्य नेताओं को 114 उम्मीदवारों की इस सूची में शामिल किया गया है, जिसकी घोषणा गुरुवार रात राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों के लिए की गई।

सूची देखकर लगता है कि कांग्रेस नेताओं ने अपने सगे-सम्बंधियों को टिकट दिलाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। गुरदासपुर से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य प्रताप सिंह बजवा अपनी पत्नी चरणजीत कौर बजवा को गुरदासपुर जिले में ही कादियान विधानसभा सीट से टिकट दिलाने में कामयाब रहे।

इसी तरह, जालंधर से लोकसभा सांसद मोहिंदर सिंह कायपी भी अपनी पत्नी सुमन कायपी के लिए जालंधर-पश्चिम (सुरक्षित) सीट से टिकट पाने में सफल रहे।

होशियारपुर की सांसद संतोष चौधरी के पति महिंदर सिंह कायपी को वर्ष 2007 के चुनाव में हार के बावजूद होशियारपुर जिले में ही शाम चौरासी (सुरक्षित) सीट मैदान में उतारा गया है।

अमरिंदर सिंह के बेटे के अतिरिक्त उनके एक अन्य करीबी अरविंद खन्ना को संगरूर जिले में धुरी सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है, जिनके खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली की एक अदालत में विदेशी विनिमय विवाद में आरोप-पत्र दाखिल किया है।

खन्ना से कांग्रेस प्रत्याशी गौरकिरत सिंह कोटली पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते और पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह के बेटे हैं। वह 1992 में एक फ्रांसीसी महिला से छेड़छाड़ के एक मामले में आरोपी हैं।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शमशेर सिंह दुल्लो की पत्नी हरबंस कौर दुल्लो को बांसी पथाना (सुरक्षित) सीट से मैदान में उतारा गया है।

इसी तरह मुक्तसर से कांग्रेस प्रत्याशी करण कौर बरार पूर्व मंत्री हरचरण सिंह बरार की बहू और विधायक सन्नी बरार की पत्नी हैं।

पूर्व मंत्री भगवान दास अरोड़ा के बेटे अमन अरोड़ा को सुनाम सीट से और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बलराम जाखड़ के बेटे सुनील जाखड़ को अबोहर सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।

दो भाइयों, संतोख सिंह (फिल्लौर) और जगत सिंह (करतारपुर) को भी सूची में शामिल किया गया है। संतोख सिंह के बेटे विक्रमजीत सिंह राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसी तरह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगमीत बरार के भाई रिपजीत बरार को फरीदकोट जिले में कोटकापुरा सीट से मैदान में उतारा गया है।