यह ख़बर 06 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

जाति-धर्म से ऊपर उठकर जनता ने हमें वोट दिया : अखिलेश

खास बातें

  • माया की मूर्तियों के बारे में सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी के शासनकाल में कोई भी मूर्ति नहीं तोड़ी जाएगी।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में शानदार सफलता हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं और मुलायम सिंह यादव ही मुख्यमंत्री बनेंगे। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी को जाति-धर्म से ऊपर उठकर जनता ने चुना है और वह इसके लिए जनता के शुक्रगुजार हैं।

कांग्रेस से गठबंधन के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा को पूर्ण बहुमत मिलने के आसार हैं और यदि कोई कमी रह जाती है तो उस पर बाद में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में उनकी सरकार कानून-व्यवस्था की हालत सुधारेगी और अपराधियों को कड़ी सजा दी जाएगी। एक रोचक जवाब में अखिलेश ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के शासनकाल में कोई मूर्ति नहीं तोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सच है कि यूपी की जनता ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर सपा को वोट दिया। हमें यह कामयाबी मिलने की उम्मीद थी। हमारी पूरी पार्टी ने मिलकर संघर्ष किया जिसका नतीजा सबके सामने है।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सत्तारूढ़ बसपा की पराजय के बारे में यादव ने कहा, ‘‘जो हार गए, उनके बारे में क्या कहें, वे खुद स्वीकार कर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने बसपा को सूबे को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का अच्छा मौका दिया था, मगर उसने पत्थर लगवाने पर सारा पैसा लगा दिया और उसके अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके निकाले, जिससे प्रदेश बदहाली के रास्ते पर चला गया।’’ उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर गुंडागर्दी करने वाले को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।