जिस राज्य में भाजपा की सरकार बनी, वहां फिर नहीं हारी : बिहार में बोले अमित शाह

जिस राज्य में भाजपा की सरकार बनी, वहां फिर नहीं हारी : बिहार में बोले अमित शाह

बिहार में चुनावी रैली में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह (फाइल फोटो)

अरवल/सासाराम:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां तेजी से विकास हो रहा है। यही कारण है कि जिस राज्य में एक बार भाजपा की सरकार बनी वहां फिर पार्टी कभी नहीं हारी।

नोखा और अरवल में चुनावी सभा
रोहतास जिले के नोखा और अरवल में अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि "लालू-नीतीश की जोड़ी विकास नहीं कर सकती। विकास नरेंद्र भाई के नेतृत्व में ही हो सकता है।"

सबसे बड़ा परिवर्तन विकास है
शाह ने कहा, "पिछले 25 वर्षों में गंगा और यमुना में बहुत पानी बह गया। देश में बहुत परिवर्तन हुआ है। सबसे बड़ा परिवर्तन विकास है। आज कई राज्यों के सभी गांवों में बिजली पहुंच गई, किसानों के खेतों में पानी पहुंच गया, लेकिन बिहार के गांव आज भी अंधेरे में हैं।"

केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए पैकेज दे रही है
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दिए गए विशेष पैकेज का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए पैकेज दे रही है और यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि बिहार को पैकेज नहीं चाहिए, बिहार खुद अपने पैरों पर खड़ा हो जाएगा।

पैकेज से बिहार का विकास होना है
उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री किस मुगालते में हैं, इस पैकेज से बिहार का विकास होना है। केंद्र सरकार ने बिहार पर कोई एहसान नहीं किया है। यह पैकेज बिहार का हक है, जो अब तक की सरकारें बिहार को नहीं दे रही थीं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिस राज्य में एक बार भाजपा की सरकार बनी वहां फिर पार्टी नहीं हारी। मध्य प्रदेश, गुजरात और छतीसगढ़ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने वहां तेजी से विकास किया, जिस कारण वहां लगातार भाजपा जीत रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बिहार पर बिहारी ही शासन करेगा
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार पर बिहारी ही शासन करेगा, लेकिन वह बिहारी भाजपा का होगा। भाजपा के पास एक से एक नेताओं की श्रृंखला है, जो बिहार का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।